फ्लैशबैक 2019 / रोनाल्डो के सबसे ज्यादा 8.17 करोड़ फॉलोअर्स, क्रिकेटर्स में कोहली 3.29 करोड़ के साथ शीर्ष पर

खेल डेस्क. स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और नेमार के अलावा क्रिकेटर विराट कोहली सचिन तेंदुलकर ने इस साल खेल के मैदान के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी धमाल मचाया है। पुर्तगाल के रोनाल्डो को ट्विटर पर सबसे ज्यादा 8.17 करोड़ प्रशंसकों ने फॉलो किया। जबकि क्रिकेटर्स में विराट कोहली शीर्ष पर रहे। उन्हें 3.29 करोड़ लोगों ने फॉलो किया। हालांकि, सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स हर समय घटते-बढ़ते रहते हैं।


फुटबॉल क्लब जुवेंट्स के रोनाल्डो को फेसबुक पर 12.2 करोड़ लोगों ने फॉलो किया। इंस्टाग्राम पर उनके 16.6 करोड़ फॉलोअर्स हैं। रोनाल्डो के प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले बार्सिलोना के लियोनल मेसी ट्विटर पर नहीं हैं, लेकिन इंस्टा पर उन्हें 11.9 करोड़ प्रशंसकों ने फॉलो किया है। फेसबुक पर उन्हें 8.9 करोड़ लोग फॉलो करते हैं।


दूसरे नंबर पर ब्राजील के फुटबॉलर नेमार हैं। उन्हें ट्विटर पर 4.5 करोड़ प्रशंसक फॉलो करते हैं। फ्रांस के फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के नेमार इस साल के दूसरे सबसे वैल्यूएबल खिलाड़ी बने हैं। नेमार ने इस साल 17 मैच में 10 गोल और 6 असिस्ट किए।


अमेरिका के बॉस्केटबॉल खिलाड़ी लेब्रॉन जेम्स इस मामले में तीसरे नंबर पर हैं। उनके 4.27 करोड़ फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर उनके 2.3 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 4.91 फॉलोअर्स हैं। लेब्रॉन 2008 बीजिंग और 2012 लंदन ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे।